अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तीन विकेट की शिकस्त मिलने के बाद कहा कि पावरप्ले के बाद उन्हें इस नतीजे की उम्मीद नहीं थी। जीत के लिए 178 रन का पीछा करते हुए राजस्थान ने शुरुआती तीन ओवर में चार रन पर दो विकेट गंवा दिये थे और पावरप्ले (शुरुआती छह ओवर) के बाद टीम का स्कोर महज 26 रन था। कप्तान संजू सैमसन (32 गेंद में 60 रन) और शिमरन हेटमायर (26 गेंद में नाबाद 56) ने हालांकि तेज तर्रार पारी खेल चार गेंद शेष रहते टीम को जीत दिला दी।
सैमसन ने कहा, ‘हमारी बल्लेबाजी की शुरुआत में नयी गेंद से उन्होंने शानदार स्विंग गेंदबाजी की। और हमें उनका सम्मान करना था। ’ हेटमायर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘उसे आसान परिस्थितियां पसंद नहीं हैं, हम उसे ऐसी परिस्थितियों में डालना पसंद करते हैं क्योंकि वह आमतौर पर ऐसी स्थितियों से हमें मैच जिताता रहता है।’