बेंगलुरु: कोलकाता नाइटराइडर्स ने रॉयल चैलैंजर्स बैंगलोर को आईपीएल के 36वें मुकाबले में जीत हासिल करते हुए लगातार चार हार के क्रम को तोड़ा। चिन्नस्वामी स्टेडियम के छोटे से मैदान पर केकेआर ने पहले बैटिंग करते हुए स्कोरबोर्ड पर 200 रन टांगे। जवाब में आरसीबी 179 रन ही बना पाई और 21 रन से मैच गंवा बैठी। मुकाबले में विराट कोहली ने जबरदस्त अर्धशतक जड़ा। शानदार फॉर्म में चल रहे विराट का यह सीजन में पांचवीं फिफ्टी थी। मैच में जमकर छह करारे चौके जमाने वाले विराट का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने पूर्व टीममेट और भारत के दिग्गज पेसर रहे जहीर खान की फिटनेस का मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं।
एक दौर था जब टीम इंडिया अपनी खराब फील्डिंग और प्लेयर्स की बेकार फिटनेस के लिए बदनाम हुआ करती थी। मगर विराट कोहली की नेशनल टीम की कप्तानी संभालते ही एक क्रांतिकारी बदलाव आया। प्लेयर्स जिम में पसीना बहाने लगे। अब हर खिलाड़ी के पास सिक्स पैक एब्स हैं। फील्डिंग में अपनी नेशनल टीम ऑस्ट्रेलियाई और साउथ अफ्रीका प्लेयर्स को टक्कर देती है।