News Website

उस्‍मान ख्‍वाजा ने जड़ा शतक, ऑस्‍ट्रेलिया ने बनाया विशाल स्‍कोर

उस्‍मान ख्‍वाजा (104*) के शतक की बदौलत ऑस्‍ट्रेलिया ने गुरुवार को भारत के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम में शुरू हुए पहले टेस्‍ट के पहले दिन अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है।

दिन का खेल समाप्‍त होने तक ऑस्‍ट्रेलिया ने 90 ओवर में 4 विकेट खोकर 255 रन बना लिए हैं। इस तरह कंगारू टीम विशाल स्‍कोर ही ओर अग्रसर है। स्‍टंप्‍स के समय ख्‍वाजा के साथ कैमरन ग्रीन 49* रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे।

बता दें कि ऑस्‍ट्रेलियाई कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्‍ट में टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया। मेहमान टीम को ओपनर्स ट्रेविस हेड (32) और उस्‍मान ख्‍वाजा ने 61 रन की साझेदारी करके दमदार शुरुआत दिलाई। रविचंद्रन अश्विन ने हेड को मिड ऑन में रवींद्र जडेजा के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। जल्‍द ही मोहम्‍मद शमी ने मार्नस लाबुशेन (3) को बोल्‍ड करके ऑस्‍ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया।

यहां से ख्‍वाजा को कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ (38) का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। इन दोनों ने दिन के खेल के दूसरे सत्र में कोई क्षति नहीं होने दी। टी टाइम के बाद जडेजा ने स्मिथ को आउट करके ऑस्‍ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। मोहम्‍मद शमी ने पीटर हैंड्सकोंब (17) को बोल्‍ड करके भारत को चौथी सफलता दिलाई।

फिर ख्‍वाजा को कैमरन ग्रीन (49*) का साथ मिला और दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी हो चुकी है। इस बीच ख्‍वाजा ने अपने टेस्‍ट करियर का 14वां शतक जमाया। उन्‍होंने 246 गेंदों में 15 चौके की मदद से अपना सैकड़ा पूरा किया। भारत के खिलाफ ख्‍वाजा ने पहला टेस्‍ट शतक जमाया। ऑस्‍ट्रेलिया को उम्‍मीद होगी कि वो दूसरे दिन विशाल स्‍कोर खड़ा करे। भारत की तरफ से मोहम्‍मद शमी ने सबसे ज्‍यादा दो विकेट लिए। रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले ऑस्‍ट्रेलियाई कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया है। ऑस्‍ट्रेलिया ने अपनी प्‍लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है जबकि भारत ने एक बदलाव किया है। भारत ने मोहम्‍मद सिराज को आराम देते हुए मोहम्‍मद शमी को शामिल किया है।

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व एंथनी अल्बानीज ने मैच में उपस्थिति दर्ज कराकर इस मौके को खास बना दिया। बीसीसीआई अध्‍यक्ष रोजर बिन्‍नी ने ऑस्‍ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज को उनकी तस्‍वीर उपहार में भेंट की।

दोनों टीमों की प्‍लेइंग 11 इस प्रकार है:

भारत – रोहित शर्मा (कप्‍तान), शुभमन गिल, चेतेश्‍वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, उमेश यादव और मोहम्‍मद शमी।

ऑस्‍ट्रेलिया – ट्रेविस हेड, उस्‍मान ख्‍वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्‍टीव स्मिथ (कप्‍तान), पीटर हैंड्सकोंब, कैमरन ग्रीन, एलेक्‍स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्‍टार्क, टॉड मर्फी, नाथन लियोन और मैथ्‍यू कुहनेमन।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!