दिल्ली एमसीडी में स्टैंडिंग कमेटी (स्थायी समिति) के सदस्यों के लिए मतगणना पूरी हो चुकी है। भाजपा ने स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों के लिए तीन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। सूत्रों के अनुसार, भाजपा और आम आदमी पार्टी के तीन-तीन सदस्यों ने जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा के तीन सदस्यों की जीत से आप को करारा झटका लगा है, हालांकि अभी विजेता उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा होना बाकी है। सदन में एक वोट अवैध घोषित से सदन में हंगामा शुरू हो गया है।
भाजपा के कमलजीत सहरावत ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के नतीजों को बदला जा रहा है। चुनाव आयोग ने जो नतीजे बनाकर दिए हैं उन्हें महापौर नहीं मान रही हैं।
भाजपा के पंकज लूथरा को पहली प्राथमिकता पर 34 वोट मिलें जबकि दूसरी प्राथमिकता पर 72 वोट मिलें। कमलजीत सहरावत और गजेंद्र दरार जीत चुके हैं। वहीं, आप उम्मीदवार को पहली प्राथमिकता पर 33 ही वोट मिले हैं।
क्या बोले सौरभ भारद्वाज?
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने छह सदस्यों की स्थायी समिति के चुनावों में 138 वोट हासिल किए हैं। जबकि भाजपा को आप से कम मत मिले हैं। उन्होंने कहा कि AAP के कुल 134 पार्षद हैं, जबकि एक पार्षद ने भाजपा पार्टी का दामन थाम लिया है। यानी कि भाजपा के कुछ पार्षदों ने भी आम आदमी पार्टी को वोट किया है। जबकि कांग्रेस के पार्षदों ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया है।
भाजपा बिगाड़ सकती है आप का खेल
स्टैंडिंग कमेटी के लिए आम आदमी पार्टी की और से चार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है, जबकि भाजपा ने तीन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। अगर भाजपा तीन पद जीतती है तो स्थायी समिति के चैयरमेन पर उसका दावा और मजबूत हो जाएगा जो आप आदमी पार्टी के लिए मुसीबत बन सकता है।
जानकारी आ रही कि कांग्रेस के 8 पार्षदों ने वोटिंग नहीं की है, जबकि एक कांग्रसी पार्षद ने भाजपा के पक्ष में वोट किया है।
शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई वोटिंग
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मीटिंग के शुरुआत भाजपा पार्षदों के हंगामे से हुए, जिसके बाद महापौर ने शुरू से मतदान के एलान किया, जिसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। मतदान खत्म होने के बाद महापौर ने 10 के ब्रेक का एलान किया और इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई।
इससे पहले सदन में आप और भाजपा पार्षदों ने एक-दूसरे के खिलाफ तीखी नोकझोंक करते हुए लगातार नारेबाजी की।
वहीं, बीजेपी पार्षदों ने हंगामे के बीच मोदी-मोदी के नारे लगाना शुरू कर दिया है, जबकि आप के पार्षद मेयर से आग्रह करते हुए भाजपा का विरोध कर रहे हैं।