News Website

क्रिस्प परिसर में हुआ पौध-रोपण

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के 64 वें जन्म-दिवस पर रविवार को सेन्टर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टाफ परफॉरमेंस (क्रिस्प) कार्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 64 पौधे रोपे गए। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गत वर्ष क्रिस्प संस्थान में कचनार का पौधा लगा कर पौध-रोपण की सामाजिक पहल की थी। इसके बाद से क्रिस्प “सामाजिक पहल कार्यक्रम” में पर्यावरण-संरक्षण के लिए हर महीने शहर के विभिन्न स्थान पर पौध-रोपण और साफ़-सफाई का कार्यक्रम करता आ रहा है।

मंत्री श्री दत्तीगांव ने वृहद वृक्षारोपण की शुरुआत भारंगी का पौधा लगा कर की। भारंगी को सामान्य बोलचाल की भाषा में बागफुल भी कहते हैं। इसका प्रयोग कई प्रकार की बीमारियों के इलाज में भी किया जाता हैं। क्रिस्प के प्रबंध संचालक डॉ श्रीकांत पाटिल ने कदम्ब का पौधा लगाया। क्रिस्प स्टाफ ने भी पौधे लगाए।

मंत्री श्री दत्तीगांव ने कहा कि क्रिस्प राज्य स्तर पर बेहतर कार्य कर रहा है। यह संस्थान शोध, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के सन्दर्भ में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम कर रहा है। भारत की अध्यक्षता में G-20 द्वारा भी पर्यावरण को सुरक्षित करने और भविष्य में जलवायु परिवर्तन से जुड़े मुद्दे पर अधिक फोकस किया जा रहा है। सभी का कर्त्तव्य है कि आने वाली पीढ़ी के लिए हम सुरक्षित पर्यावरण छोड़ कर जाएँ। डॉ. पाटिल ने कहा कि क्रिस्प कौशल विकास और रोज़गार सृजन को लेकर उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के साथ आने वाले समय में नए आयामों पर कार्य करने का इच्छुक है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!