भोपाल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़े, पुलिस ने वॉटर कैनन से खदेड़ा, जीतू पटवारी समेत 50 कार्यकर्ता गिरफ्तार
भोपाल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन शुरू हो गया है। जवाहर चौक से राजभवन का घेराव करने निकले कांग्रेस नेताओं ने रंगमहल के नजदीक लगाए बैरिकेड तोड़ दिए। कार्यकर्ता पैदल हैं, जबकि कमलनाथ और दूसरे बड़े नेता ट्रक पर सवार हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोशनपुरा की ओर दौड़ लगा दी। यहां दूसरे बैरिकेड पर पुलिस ने वॉटर कैनन से पानी का तेज प्रेशर मारकर कांग्रेस नेताओं को पीछे खदेड़ा।
कुछ कांग्रेस नेता घायल भी हो गए। भिंड युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार के हाथ में चोट आई है। पुलिस ने जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी समेत 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्यकर्ताओं को 3 बसों में भरकर प्रदर्शन स्थल से लेकर रवाना हुई है।
जवाहर चौक से पैदल मार्च शुरू होने से पहले सभा में पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा, सबसे बड़ी परीक्षा अगले 6 महीने में आपकी निष्ठा की है। विश्वास है कि अगर जिस निष्ठा से आपने कांग्रेस का झंडा 18 साल उठाया है, आप अपनी कमर कस लें तो कोई नहीं रोक सकता। यह कांग्रेस की नहीं, मध्यप्रदेश के भविष्य की बात है।
उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश में हर वर्ग परेशान है। भटकता नौजवान, दुखी किसान, व्यापारी …सब परेशान घूम रहे हैं। आपको अपना सिर नहीं झुकाना, छाती ठोंक कर कहिए कि 15 महीने की सरकार में हमने क्या-क्या किया। 15 महीनों में हमने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया।