लाडली बहना महासम्मेलन: सीएम शिवराज ने गाया “फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है”
शुजालपुर में बुधवार को आयोजित लाडली बहना योजना में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शामिल हुए। यहां सीएम शिवराज का अलग रूप देखने को मिला। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने “फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है। सारी उमर हमें संग रहना है” गीत गाकर सबको आकर्षित किया। बहनाओं पर गुलाब के फूल भी बरसाए। सीएम ने कहा कि जून से बहनों के खाते में एक हजार रुपये आना शुरू हो जाएंगे। शुजालपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बचपन से बेटे-बेटी में भेदभाव देखता आया हूं, जिस बेटे को मां-बाप बुढ़ापे की लाठी समझते हैं, उसका तो ठिकाना नहीं, परंतु मैं बेटी की गारंटी लेता हूं कि उसकी जब तक सांस चलती है वह अपने मां-बाप को नहीं भूलती। उन्होंने कहा कि मैं बहनों की जिंदगी बदलने का काम कर रहा हूं। कांग्रेस के शासन में योजनाओं को बंद किया गया। किंतु हम जनहितैषी और लोगों की जिंदगी बदलने वाली योजनाएं प्रारंभ चला रहे हैं। सीएम ने करोड़ों रुपये लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन और कलश पूजन से की।योजना में बहनों को उनके खातों में 10 जून से 1000 की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि हर बहन का निशुल्क केवाईसी करवाया जाए और और जिन बहनों का बैंक खाता न हो तुरंत खुलवाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति योजना का लाभ देने के लिए एक पैसा भी मांगता है तो उसे हथकड़ी लगा कर जेल भेजा जाएगा। प्रदेश में बहनों के प्रति दुराचार करने वालों को फांसी की सजा का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में एक अप्रैल से सभी शराब के अहाते बंद कर दिए गए हैं। खुले में शराब पीना प्रतिबंधित है। इससे शराब की बिक्री में लगभग 25 प्रतिशत की कमी आई है। मुख्यमंत्री ने माइक से एसपी यशपालसिंह राजपूत से पूछा कि अहाते बंद हुए कि नही। इस पर एसपी बोले की बंद हो गए हैं।