News Website

जरा संभलकर! देश में कई जगहों पर पारा 40 डिग्री के पार, IMD ने लू को लेकर जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में अगले चार दिन तक और देश के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में दो दिन तक लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान जताया है। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार दूसरे दिन लू की स्थिति बनी रही और कुछ मौसम केंद्रों ने अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया।
अगले चार दिनों तक लू की स्थिति
आईएमडी ने कहा, ‘बादल छाने और हल्की बारिश से शहर में बुधवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। आईएमडी के अनुसार पश्चिम बंगाल और बिहार में गंगा के मैदानी हिस्से में लगातार चार दिन तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। सिक्किम, ओडिशा और झारखंड में भी अगले दो से तीन दिन तक भीषण गर्मी का दौर बना रह सकता है।

गर्मी बढ़ाएगी परेशानी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि 17 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा और 18 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भी भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश भी 18-19 अप्रैल को अत्यधिक गर्मी से प्रभावित हो सकता है। दिल्ली के मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह लगातार तीसरा दिन है जब अधिकतम तापमान यहां 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर गया है।
ज्यादातर जगहों पर पारा 40 के पार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे के आसपास ‘मध्यम’ (198) श्रेणी में दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में भी लोग गर्मी से परेशान हैं और अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के निशान से ऊपर रहा। मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के हिसार में भीषण गर्मी पड़ रही है और अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बने पश्चिमी विक्षोभ से मंगलवार से उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

कई जगहों पर बारिश की संभावना
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 18 से 20 अप्रैल के दौरान अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 18 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड में 18-19 अप्रैल को भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!