News Website

पहली बार भारत जाने के लिए उत्साहित हैं राष्ट्रपति बाइडन… अमेरिकी अधिकारी ने कहा- संबंधों के लिए अहम होगा 2024

वॉशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन सितंबर में भारत की यात्रा करने के लिए उत्साहित हैं। साथ ही 2024 भारत-अमेरिका संबंध के लिए एक ‘बड़ा साल’ होने जा रहा है। यह कहना है दक्षिण और मध्य एशिया के लिए सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू का। उन्होंने कहा कि जी-20 में भारत के नेतृत्व ने दुनिया में भलाई के लिए एक ताकत के रूप में खड़े होने की उसकी क्षमता को और व्यापक बना दिया है। सितंबर में होने वाला बाइडन का भारत दौरा राष्ट्रपति के तौर पर उनकी पहली भारत यात्रा होगी।

लू ने गुरुवार को एक इंटरव्यू में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘यह एक बड़ा साल होने जा रहा है। जाहिर तौर, पर भारत जी-20 की मेजबानी कर रहा है। इस साल अमेरिका एपेक की मेजबानी कर रहा है। जापान जी-7 की मेजाबनी कर रहा है। हमारे कई क्वाड सदस्य नेतृत्व भूमिकाएं निभा रहे हैं और यह हम सभी को अपने देशों को और करीब लाने का अवसर मुहैया कराता है।’

‘पहली भारत यात्रा को लेकर उत्साहित बाइडन’

उन्होंने कहा, ‘मैं जानता हूं कि हमारे राष्ट्रपति सितंबर में भारत की यात्रा करने के लिए उत्साहित हैं। जी-20 के नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए भारत की उनकी यह पहली यात्रा होगी। हम आने वाले कुछ महीनों में होने वाले घटनाक्रम को लेकर सच में उत्साहित हैं।’ अमेरिकी अधिकारी ने कहा, ‘मार्च में डॉ. एस जयशंकर ने अपने क्वाड समकक्षों की मंत्री स्तरीय बैठक के लिए मेजबानी की थी और चारों विदेश मंत्रियों ने रायसीना संवाद में भाग लिया था।’

‘जी-20 बैठकों के लिए उत्साहित’

उन्होंने कहा कि यह क्वाड के विदेश मंत्रियों के साथ इस तरह की पहली सार्वजनिक चर्चा थी। डोनाल्ड लू ने कहा, ‘भारत ने पिछले महीने जी-20 के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी कर जो शानदार काम किया है, उसके लिए हम वाकई आभारी हैं। हम इस साल जी-20 की कई बैठकों में सक्रियता से भाग लेने के लिए उत्साहित हैं जिनमें सितंबर में होने वाली नई दिल्ली नेतृत्व सम्मेलन भी शामिल है।’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!