नई दिल्ली: विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में हैं। आईपीएल 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बीच सोमवार को खेले गए मैच के बाद गौतम गंभीर के साथ विराट कोहली की ‘गंभीर’ कहासुनी हो गई जो काफी चर्चा में है। मैच के बाद कोहली और गंभीर के बीच तीखी नोकझोंक हुई और दोनों को अलग करने के लिए दूसरे खिलाड़ियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। यह घटना तब हुई जब आरसीबी ने लो स्कोरिंग थ्रिलर में एलएसजी को 18 रनों से हरा दिया।
इससे पहले खेल के बाद हाथ मिलाने के दौरान कोहली की एलएसजी तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक के साथ कहासुनी हो गई। हालांकि, कोहली और गंभीर दोनों पर आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, जबकि एलएसजी गेंदबाज नवीन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।