पांचवें टेस्ट में अपने 1000 टेस्ट रन पूरे कर सकते हैं यशस्वी
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ
पांचवें टेस्ट में अपने 1000 टेस्ट रन पूरे कर सकते हैं यशस्वी
मुम्बई भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार से धर्मशाला में होने वाले अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच में एक अहम उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। यशस्वी के इस मैच में 29 रन बनाने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन हो जाएंगे। इसके अलावा वह आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2023-2025 में 1000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन जाएंगे। अब तक इस युवा बल्लेबाज ने 8 मैचों में 971 रन बनाये हैं। 655 रन उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में बनाए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा भी इस दौड़ में यशस्वी के करीब हैं। ख्वाजा ने अब तक 11 टेस्ट में 916 रन बनाए हैं और 1000 रन बनाने के लिए उन्हें 84 रन की जरूरत है। .
भारत के लिए केवल दो खिलाड़ी ही टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में 1000 रन बनाने में सफल हुए हैं। अजिंक्य रहाणे ने 2019-2021 में 18 टेस्ट खेलते हुए कुल 1159 रन बनाए थे। वहीं, रोहित शर्मा ने भी इसी साल 12 मैचों में 1094 रन बनाए थे। ऐसे में अगर यशस्वी जायसवाल अपने 9वें मैच में हजार रन पूरे कर लेते हैं तो वह टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज में यशस्वी ने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए दो दोहरे शतक लगाये हैं।