नेत्रहीन क्रिकेट टीम को भी मान्यता दी लाये : कोच
भारतीय नेत्रहीन क्रिकेट टीम के कोच मोहम्मद इब्राहिम ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से मांग
नेत्रहीन क्रिकेट टीम को भी मान्यता दी लाये : कोच
नई दिल्ली । भारतीय नेत्रहीन क्रिकेट टीम के कोच मोहम्मद इब्राहिम ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से मांग की है कि इस टीम को भी मान्यता दी जाये जिससे कि उसका तेजी से विकास को सके। इब्राहिम ने कहा कि नेत्रहीन क्रिकेट को अगले स्तर तक ले जाना है तो बीसीसीआई को उसे अपने संरक्षण में लेना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मान्यता के साथ ही नेत्रहीन क्रिकेटरों को बोर्ड से केंद्रीय अनुबंध भी मिलने चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान के नेत्रहीन क्रिकेटरों को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से अनुबंध मिले हुए हैं जिसके बाद उनका प्रदर्शन बेहतर हुआ है। पीसीबी ने उनका काफी सहयोग किया है। अब बीसीसीआई को भी आम क्रिकेटरों की तरह ही नेत्रहीन क्रिकेटरों को भी अनुबंध देने चाहिए।
वहीं भारतीय नेत्रहीन क्रिकेट संघ के महासचिव शैलेंदर यादव ने कहा कि नेत्रहीन क्रिकेटरों के लिये सराहना और सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा, ‘नेत्रहीन टीम के पूर्व कप्तान शेखर नाईक को पद्मश्री दिया गया और पूर्व कप्तान अजय रेड्डी को इस साल अर्जुन पुरस्कार मिला। उम्मीद है कि दूसरे देशों की तरह अब भारतीय बोर्ड भी नेत्रहीन क्रिकेट को गंभीरता से लेगा। उन्होंने कहा, ‘अभी खिलाड़ियों को भारत सरकार और प्रदेश सरकारों से वित्तीय सहायता मिल रही है पर ये ही पर्याप्त नहीं है।