News Website

(इन्दौर) आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस टूर महिला डब्ल्यू-35

अंकिता, यास्मिन, जस्टीना व पार्क आसानी से दूसरे दौर में -

इन्दौर । भारत की टॉप महिला खिलाड़ियों में शूमार और टूर्नामेंट में तीसरी वरीयता प्राप्त अंकिता रैना, लिथुआनिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त जस्टीना मिकुलस्कीटे, छठीं वरीयता प्राप्त कोरिया की सोह्युन पार्क तथा फ्रांस की यास्मीन मंसूरी ने भारतीय टेनिस महासंघ के तत्वावधान में मध्यप्रदेश टेनिस संघ व इन्दौर टेनिस क्लब द्वारा प्रायोजित आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस टूर डब्ल्यू-35 डॉलर 25000 इनामी राशि महिला टेनिस टूर्नामेंट के एकल के पहले दौर में आसानी से जीत हासिल कर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
इन्दौर टेनिस क्लब में खेली जा रही इस प्रतिष्ठित टेनिस स्पर्धा का रंगारंग शुभारंभ इन्दौर पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष अनिल महाजन, भारतीय टेनिस महासंघ के सचिव अनिल धूपर, आईटीसी ट्रस्टी बी.एस. छाबड़ा, अर्जुन धूपर, मुख्य रैफरी शीतल अय्यर उपस्थित थे। संचालन साजिद लोदी ने किया।मंगलवार को मुख्य दौर के मुकाबले शुरू हुए। पहले दौर के मुकाबलों में भारत की शीर्ष खिलाड़ियों में शूमार और इस स्पर्धा में तीसरी वरीयता प्राप्त अंकिता रैना ने चीनी ताइपे की या-ह्सुआन ली को एक घंटा 36 मिनट चले मुकाबले में 6-1, 7-6(7) से पराजित किया। अंकिता ने शुरू से ही सधा हुआ खेल खेला और चीनी ताईपे की खिलाड़ी को पहले सेट में कोई मौका नहीं दिया। दूसरे सेट में जरूर ली ने वापसी की और लगातार सर्विस बचाते हुए मैच को टाईब्रेकर में लेकर गई। लेकिन अंकिता ने अपनी दमदार सर्विस और उम्दा फोरहैंड शॉट लगाते हुए सेट और मैच अपने नाम किया। इस मुकाबले में अंकिता ने 1 एस लगाया और एक ही डबल फाल्ट किया। जबकि चीनी ताईपे की खिलाड़ी ने 5 डबल फाल्ट किए। पांचवीं वरीयता प्राप्त लिथुआनिया की जस्टिना मिकुलस्कीटे ने कोरिया की बेक डेयोन को दो घंटे 21 मिनट चले मुकाबले में 4-6, 6-4, 6-2 से शिकस्त दी। पहला सेट हारने के बाद जस्टिना ने जोरदार वापसी की और दूसरा और तीसरा सेट जीत दूसरे दौर में अपना स्थान सुनिश्चित किया। छठीं वरीयता प्राप्त कोरिया की सोह्युन पार्क ने भारत की वाइल्ड कार्ड प्राप्त रिया भाटिया को आसानी से 6-3, 6-2 से पराजित किया। मैच में पार्क ने जहां 5 डबल फाल्ट किए तो रिया ने 9 डबल फाल्ट किए, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।
फ्रांस की यास्मिन मंसूरी ने इन्दौर की उभरती हुई टेनिस खिलाड़ी पहल खराड़कर का सफर पहले ही दौर में रोक दिया। यास्मिन ने मुख्य दौर में वाइल्ड कार्ड प्राप्त पहल को 59 मिनट में 6-2, 6-0 से शिकस्त दी। पहल ने अच्छा खेल दिखाया, मैच में तीन एस लगाए और सिर्फ तीन ही डबल फाल्ट किए, लेकिन पहल अपनी सर्विस नहीं बचा सकी।
:: एकेटेरिना, वैष्णवी, मिचिका, मुख्य दौर में पहुंची ::
मंगलवार सुबह क्वालीफाइंग के तीसरे और अंतिम दौर के मुकाबले खेले गए। जिसमें क्वालीफाइंग राउंड की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी रूस की एकेटेरिना याशिना ने भारती की सौम्या विज को 6-0, 6-1 से, दूसरी वरीयता प्राप्त जापान की कोशिशि अयुमी ने अपने ही देश की मेई हासेगावा को 6-3, 6-1 से, चैथी वरीयता प्राप्त जापान की अकीको ओमेय ने भारत की हुमेरा बहारमुस को 6-3, 6-3 से, छठी वरीयता प्राप्त ओझकी मिचिका ने भारत की वाइल्ड कार्ड प्राप्त माया रेवंथी को 5-7, 6-1, 10-6 से, भारत की आकांक्षा नित्तुरे ने उलटफेर करते हुए सातवीं वरीयता प्राप्त कोरिया की ली गियोंग सीओ को 3-6, 6-2, 10-7 से, आठवीं वरीयता प्राप्त भारत की वैष्णवी अड़कर ने भारत की ही सुहिथा मारूरी को 6-3, 6-1 से, जापान की रीनून ओकुवकी ने भी उलटफेर करते हुए पांचवीं वरीयता प्राप्त अनास्तासिया जोलोराटेवा को 6-0, 6-1 से तथा तीसरी वरीयता प्राप्त उदोसोवा दरिया ने भारत की सोहा सादिक को 6-2, 6-3 से हराकर मुख्य दौर में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!