दरअसल, पारी का नौवा ओवर चल रहा था। गेंदबाजी की कमान स्पिनर रविंद्र जडेजा के हाथो में थी। जडेजा ने एक फुलर गेंद फेंकी, जिसे जेसन रॉय ने सीधे गेंदबाज के पास दे मारा। गेंद टप्पा खाकर जडेजा के हाथ में आ गई। इसी दौरान नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े रिंकू सिंह अपनी क्रीज छोड़ चुके थे। जडेजा ने यह पहले ही भाप लिया था इसलिए गेंद पकड़ते ही बिना विकेट की तरफ देखे बॉल पीछे मारी, जो स्टंप्स से टकराई भी, लेकिन गिल्लियां नहीं गिरी। ये नजदीकी मामला था, रिंकू आउट भी हो सकते थे।
गेंद जैसे ही पीछे निकली, जेसन रॉय ने ओवर थ्रो पर तेजी से सिंगल चुराना चाहा। मगर रिंकू ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। रॉय काफी आगे हो चुके थे, ऐसे में जडेजा भी वापस गेंद की तरफ लपके और स्ट्राइक एंड पर थ्रो किया, जहां धोनी मुस्तैद थे, लेकिन वह गेंद को क्लीन कलेक्ट करने में नाकाम रहे और नतीजा यह हुआ कि जेसन रॉय रन आउट होने से बाल-बाल बच गए। बाद में रिंकू और जेसन रॉय दोनों ने अर्धशतक लगाए, लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो पाए। 235 रन के जवाब में कोलकाता 49 रन पीछे रह गई। इस जीत के साथ चेन्नई सुपरकिंग्स पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई।