अडाणी ग्रुप के 10 में से 8 शेयरों में गिरावट:पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस के शेयर 5-5% टूटे;
भारतीय शेयर बाजार में आज गुरुवार (23 फरवरी 23) को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 139 अंक गिरकर 59,605 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 30 अंकों की गिरावट रही। यह 17,523 के स्तर पर बंद हुआ। लगातार पांचवें दिन मार्केट में यह गिरावट आई है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में गिरावट और 13 में तेजी रही।
अडाणी पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी और टोटल गैस के शेयर 5-5% टूटे
आज अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 8 में गिरावट रही। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1.14% गिरा। अडाणी ट्रांसमिशन, पावर, टोटल गैस और ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 5-5% की गिरावट देखने को मिली। अडाणी विल्मर में 3.41%, ACC में 0.81% और NDTV में 0.25% की गिरावट रही। वहीं अडाणी पोर्ट्स में 1.19% और अंबुजा सीमेंट में 0.69% की तेजी देखने को मिली।एशियन पेंट्स, LT और टाइटन निफ्टी-50 के टॉप लूजर
एशियन पेंट्स, LT, टाइटन, डिविस लैब, इंडसइंड बैंक, HDFC लाइफ, अडाणी एंटरप्राइजेज, ब्रिटानिया और भारती एयरटेल समेत निफ्टी-50 के 26 शेयरों में गिरावट रही। वहीं हिंडाल्को, कोल इंडिया, एक्सिस बैंक, JSW स्टील, टाटा मोटर्स, SBI और अडाणी पोर्ट्स समेत निफ्टी के 24 शेयरों में तेजी देखने को मिली।
रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.78% की गिरावट
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 6 में गिरावट देखने को मिली। रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.78% की गिरावट रही। मीडिया सेक्टर में भी 1.77% की गिरावट आई। इसके अलावा ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, IT और फार्मा सेक्टर में भी गिरावट दिखी। वहीं बैंक, FMCG, मेटल, PSU बैंक और प्राइवेट बैंक सेक्टर में मामूली तेजी रही।
सेबी ने रेटिंग एजेंसियों से जवाब मांगा
सेबी ने रेटिंग एजेंसियों से अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों के बदले लिए कर्ज की जानकारी मांगी है। इसके तहत लोकल लोन और सिक्योरिटीज की रेटिंग पर डीटेल मांगी गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि अडाणी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट ग्रुप के कर्ज भुगतान पर असर डाल सकती है।
अडाणी ग्रुप को लेकर 24 जनवरी को आई हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद से अब तक किसी भी भारतीय रेटिंग एजेंसी ने ग्रुप को लेकर रेटिंग्स या आउटलुक में बदलाव नहीं किया है। जबकि रिपोर्ट के बाद से अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर्स में भारी गिरावट आ चुकी है।
वहीं दूसरी तरफ कई इंटरनेशनल रेटिंग एजेंसी जैसे S&P और मूडीज ने अडाणी ग्रुप की ज्यादातर कंपनियों की कर्ज लेने की रेटिंग को ‘स्टेबल’ से ‘निगेटिव’ कर दिया है।
बुधवार को सेंसेक्स 927 अंक नीचे बंद हुआ था
कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बुधवार (22 फरवरी 23) को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 927 अंक टूटकर 59,744 पर आ गया। निफ्टी भी 272 अंक नीचे 17,554 के स्तर पर बंद हुआ था। बाजार की बिकवाली में बैंकिंग, मेटल और IT स्टॉक्स सबसे आगे रहे थे।