केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशित प्रमाणिक के काफिल पर हमला, कूचबिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं से जा रहे थे मिलने
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशित प्रमाणिक ने शनिवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के दिनहाटा में उनकी कार पर हमला किया। प्रमाणिक के काफिले पर हमला उस समय हुआ, जब वह कूचबिहार के दिनहाटा इलाके में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने जा रहे थे। इस दौरान टीएमसी समर्थकों ने कथित तौर पर मंत्री को ले जा रही कार पर पथराव किया। कार का आगे का शीशा भी टूट गया। तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने मंत्री को काले झंडे भी दिखाए
टीएमसी दे रही है बदमाशों को पनाह
उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा, “पुलिस केवल दर्शक के रूप में काम कर रही है और हिंसा के अपराधियों को बचा रही है। राज्य के लोग देख रहे हैं कि राज्य में टीएमसी समर्थकों द्वारा क्या किया जा रहा है।” उन्होंने इस दौरान यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी बदामाशों को पनाह दे रही है। भारतीय जानता पार्टी के पश्चिम बंगाल के प्रवक्ता ने इस हमले के बहाने ममता सरकार पर निशाना साधा है। शमिक भट्टाचार्य ने कहा, “अगर किसी केंद्रीय मंत्री की कार पर इस तरह से हमला किया जाता है, तो राज्य में आम लोगों की सुरक्षा के बारे में विचार कर सकते हैं।
राज्य में अनुच्छेद 355 लागू करने की मांग
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में राज्यपाल को अनुच्छेद 355 लागू करने के लिए कदम उठाने चाहिए। इस हमले के बाद तृणमूल कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया आई है। टीएमसी के नेता जयप्रकाश मजूमदार ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिलीप घोष और शुभेंदु अधिकारी जैसे भाजपा नेता भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं को पश्चिम बंगाल में शांति भंग करने के लिए उकसा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को पहले काम पर लाया जाना चाहिए।