काबुल: अफगानिस्तान में सत्ता पर काबिज तालिबानी आतंकियों को बड़ी सफलता मिली है। तालिबान ने इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रोविंस के खुफिया और सैन्य प्रमुख कारी फतेह को मार गिराया है। कारी फतेह ही पाकिस्तानी, चीनी अधिकारियों और मस्जिदों पर हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है। बताया जा रहा है कि काबुल के खैर खाना इलाके में रातभर चले अभियान में दो आईएसकेपी आतंकियों को मार गिराया है। कारी फतेह का मारा जाना तालिबान के लिए बहुत बड़ी सफलता माना जाता है।
तालिबान ने इस बात की भी पुष्टि की है कि एक अन्य अभियान में आईएसकेपी के भारतीय उपमहाद्वीप के लिए चीफ इजाज अमीन अहनगर को मार गिराया गया है। इजाज भारत के कश्मीर प्रांत में कई आतंकी हमले करा चुका है। उसने कहा कि कई विदेशी आईएसकेपी आतंकियों को पिछले दिनों चलाए गए अभियान में अरेस्ट किया गया है। आईएसकेपी ने भी इस बात की पुष्टि की है कि 14 फरवरी को सैन्य अभियान में इजाज मारा गया है।