News Website

आर्मेनिया में मिली सोने से भरी कब्र, 3200 साल पुराना खजाना देख पुरातत्वविद हैरान

येरेवान: आर्मेनिया में पुरातत्वविदों को एक प्राचीन कब्रिस्तान में खुदाई के दौरान 3,200 साल पुराना खजाना मिला है। यहां लुटेरों ने कई सदियों तक खुदाई की और कंकालों से जो भी मिला उसे लूट लिया। लेकिन फिर भी यहां एक मकबरा कई सदियों से सुरक्षित था। यह खजाना आर्मेनिया में तुर्की की सीमा के पास मेट्समोर पुरातात्विक स्थल से मिला है। 400 ईसा पूर्व से 18वीं सदी तक ये जगह पूरी तरह वीरान थी। विशेषज्ञों का कहना है कि मेट्समोर का सबसे पुराना हिस्सा एक कब्रिस्तान के साथ दीवारों से घिरा हुआ था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पोलिश और आर्मेनियाई पुरातत्वविदों की एक संयुक्त टीम ने यहां खुदाई का फैसला किया। ऐतिहासिक पर्यावरण और सांस्कृतिक संग्रहालय-भंडार के मुताबिक पुरातत्वविदों को एक पत्थर की कब्र मिली, जहां दो लोगों को दफन किया गया था। इस मकबरे का फर्श पत्थर का बना हुआ था। कंकाल पत्थर से ढके गए थे। दोनों कंकालों की पीठ एक दूसरे के विपरीत थी। कंकाल एक महिला और एक पुरुष का है। माना जा रहा है कि ये कपल हो सकते हैं, जिन्हें 1200-1300 ईसा पूर्व दफन किया गया था।

100 से ज्यादा गहने मिले

इस जोड़े की हड्डियां अच्छी तरह संरक्षित हैं। इन्हें देख कर पाया गया कि इनके पैर थोड़े मुड़े थे। उम्र की बात करें तो इनकी मौत 30-40 साल की उम्र में हुई होगी। इन्हें दफन करने के बाद मकबरे को फिर से खोलने का कोई संकेत नहीं दिखा। इस जोड़े के चारों ओर खजाना ही खजाना था। पुरातत्विदों को 100 से ज्यादा गहने और मनके मिले हैं। इनमें से कई सोने के पेंडेंट भी शामिल हैं। इस कब्र में मिली गोल मोती की तरह दिखने वाली चीजें सोने की हैं। साथ ही लाल-भूरा पत्थर मिला है, जो गहने का ही हिस्सा था।

क्या-क्या मिला

एक कंकाल की कलाई के चारों ओर कांस्य से बना कंगन मिला है। पुरातत्वविदों का कहना है कि एक पतली, टिन की अंगूठी दूसरे हाथ में मिली है। साइंस इन पोलैंड के मुताबिक मेट्समोर में लगभग 100 से ज्यादा कब्रों की खुदाई की गई है। अधिकांश कब्रों को लुटेरों ने लूट लिया था। इसके अलावा मेट्समोर में 11 वीं से 9 वीं शताब्दी ईसा पूर्व का एक किले का अवशेष मिला है। यह परिसर सात अभ्यारण्यों वाले मंदिरों से घिरा हुआ है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!