खराब फॉर्म के बीच एक और मंदिर में आशीर्वाद लेने पहुंचे विराट कोहली, 3 टेस्ट में बनाए हैं सिर्फ 111 रन
उज्जैन: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का बल्ला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शांत है। जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ वनडे में तूफानी पारियां खेलकर विराट ने फॉर्म में वापसी के संकेत दिये थे। लेकिन इस सीरीज में अभी तक वह अपने नाम के अनुरुप नहीं खेल पाए हैं। इंदौर टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने अच्छी शुरुआत की लेकिन उसे लंबी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। दिल्ली टेस्ट में भी कुछ ऐसा ही हुआ था।
महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे
इंदौर टेस्ट 3 दिन में ही खत्म होने के बाद विराट कोहली महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे। यहां उनके साथ पत्नी अनुष्का शर्मा भी थीं। विराट और अनुष्का ने भस्म आरती में भी हिस्सा लिया। विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ सुबह 4 बजे महाकाल मंदिर की आरती में पहुंचे। इस दौरान विराट धोती, त्रिपुंड और रुद्राक्ष पहनकर ध्यान लगाते दिखे। अनुष्का भी साड़ी में आई थीं। उन्होंने जाने से पहले जय महाकाल के नारे भी लगाए।
अहमदाबाद में आखिरी टेस्ट
10 मार्च से अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच खेला जाएगा। उस मैच में टीम इंडिया को जीत मिलती है तो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी जगह पक्की हो जाएगी। विराट से पहले केएल राहुल और अक्षर पटेल भी महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए पहुंचे थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला भी इंदौर में हुआ था। उससे पहले सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर भी इस मंदिर आए थे।