सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा (104 नाबाद) और कैमरुन ग्रीन (49 नाबाद) की नाबाद 85 रन की साझेदारी की बदौलत गुरुवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट के पहले दिन 90 ओवर में 255/4 रन बना लिए। पहला दिन उस्मान ख्वाजा के नाम रहा। भारत की तरफ से शमी ने दो विकेट झटके हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 मैचों की सीरीज का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मैच का दूसरा दिन है। लेफ्ट हैंड ओपनर उस्मान ख्वाजा ने टेस्ट करियर का 14वां शतक जड़ा। पहले दिन भारतीय गेंदबाज कुछ खास प्रभाव नहीं डाल सके। दूसरे दिन भारतीय टीम को कंगारुओं की पहली पारी को जल्द से जल्द समेटना होगा।
अनुभवी पेसर मोहम्मद शमी ने पहले दिन 17 ओवर की गेंदबाजी में 65 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि उमेश यादव ने 15 ओवर में 58 रन खर्च किए और उनके कोई सफलता हाथ नहीं लगी। रविचंद्रन अश्विन ने 25 ओवर में 57 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि रवींद्र जडेजा ने 20 ओवर में 49 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किए।