रणजी ट्रॉफी : मध्य प्रदेश और विदर्भ के बीच सेमीफायनल रोमांचक मोड़ पर
म.प्र. के खिलाफ रणजी सेमीफायनल की दूसरी पारी में शतक जड़ने वाले विदर्भ के बल्लेबाज यश राठौड़ (141 रन)
रणजी ट्रॉफी : मध्य प्रदेश और विदर्भ के बीच सेमीफायनल रोमांचक मोड़ पर –
:: आज मैच का अंतिम दिन – मध्य प्रदेश को जीत के लिए 93 रनों की दरकार ; विदर्भ को 4 विकेट की जरूरत ::
(विदर्भ पहली पारी 170 व दूसरी 402 : (यश राठौड़ 141, अग्रवाल 5-92)
(म.प्र. पहली पारी 252 व दूसरी 228/6 : (यश दुबे 94, गवली 67, वखारे 3-38)
नागपुर/इन्दौर । नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड पर मध्य प्रदेश और विदर्भ के बीच खेला जा रहा रणजी ट्रॉफी का सेमीफायनल मुकाबला अब रोमांचक मोड़ पर आ गया। बुधवार को मैच के अंतिम दिन मध्य प्रदेश को मुकाबला जीतकर फायनल में पहुंचने के लिए 93 रनों की दरकार है, जबकि विदर्भ को फायनल में पहुंचने के लिए उसके घरेलू मैदान पर मध्य प्रदेश के चार विकेट चटकाने है।
मंगलवार को मैच के चौथे दिन विदर्भ ने अपनी दूसरी पारी में 343/6 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और आदित्य सरवटे 21, यश ठाकुर 2 व उमेश यादव बगैर रन बनाए अनुभव अग्रवाल के शिकार बने। कल के 97 पर नाबाद यश राठौर ने आज अपना शतक पूरा किया और खेजरोलिया की गेंद पर क्लीन बोल्ड कर विदर्भ की पारी को 402 रनों पर विराम दिया। इससे मध्य प्रदेश को जीत के लिए 321 रनों का लक्ष्य मिला। यश राठौड़ ने 200 गेंदों में 18 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 141 रन की पारी खेली। म.प्र. के अनुभव अग्रवाल ने 18 ओवर में 92 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट लिए। कुलवंत खेजरोलिया व कुमार कार्तिकेय को दो-दो विकेट मिले। आवेश खान को एक सफलता मिली। इससे पहले, विदर्भ ने पहली पारी में 170 और मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 252 रन बनाए थे।
:: यश-हर्ष ने खेली दमदार पारी; यश दुबे शतक चूके ::
321 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की शुरुआत दूसरी पारी में अच्छी नहीं रही। हिमांशु मंत्री महज 8 रन बनाकर चलते बने। हालांकि, इसके बाद यश दुबे और हर्ष गवली ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। हर्ष ने 67 रन की शानदार पारी खेली और वह यश ठाकुर की गेंद पर आउट हुए। वहीं, यश दुबे ने 212 गेंदों का सामना करते हुए 94 रन बनाए। हालांकि, यश अपना शतक पूरा नहीं कर सके और दिन का खेल खत्म होने से एक ओवर पहले अपना विकेट गंवा बैठे। मध्य प्रदेश ने चौथे दिन खेल समाप्ति तक 71 ओवर के खेल में 6 विकेट खोकर 228 रन बना लिए है और जीत से मध्य प्रदेश अभी 97 रन दूर है। विकेट पर सारांश जैन (16) के साथ कुमार कार्तिकेय (0) खेल रहे है। इसके बाद मध्य प्रदेश के पास अनुभव अग्रवाल, कुलवंत खेजरोलिया व आवेश खान से उम्मीद है।
बुधवार को मैच का पॉंचवा व अंतिम दिन है और विदर्भ को उसके घरेलू मैदान पर रणजी फायनल के टिकट के लिए मध्य प्रदेश के चार विकेट और चटकाना है।
:: अक्षय वाखरे ने झटके तीन विकेट ::
विदर्भ की ओर से गेंदबाजी में अक्षय वाखरे ने अपना कमाल दिखाया और तीन विकेट झटके। वहीं, आदित्य सरवटे की झोली में दो विकेट आए, जबकि यश ठाकुर के नाम एक विकेट रहा। आदित्य ने दिन के अंत से पहले शतक के करीब पहुंच चुके मध्य प्रदेश के सलामी बल्लेबाज यश दुबे का बड़ा विकेट दिलाकर विदर्भ को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
म.प्र. के खिलाफ रणजी सेमीफायनल की दूसरी पारी में शतक जड़ने वाले विदर्भ के बल्लेबाज यश राठौड़ (141 रन)