News Website

सरहदें भी न रोक सकीं मोहब्बत का अंजाम, अपनी दुल्हन लाने के लिए बारात लेकर पाकिस्तान पहुंचा भारतीय

इस्लामाबाद: भारत और पाकिस्तान के बीच लगभग 2000 किमी की सीमा है। दोनों देशों के बीच ज्यादातर इसे युद्ध और तनाव के लिए ही जाना जाता है। लेकिन शायद ही इसे प्यार के लिए कभी जाना जाता है। कई बार जब आशिकों ने सीमा क्रॉस करने की कोशिश की तो वो महबूबा के घर की जगह सीधे जेल पहुंच गए। लेकिन अब दो लोगों के प्यार की कहानी सामने आई है, जिसे यह सीमा भी नहीं रोक सकी। ये कहानी है मुंबई के महेंद्र कुमार और कराची की संजुगता कुमारी की। इन दोनों की प्रेम कहानी अपने अंजाम तक पहुंची और इनकी शादी हो गई है।

महेंद्र कुमार एक वकील हैं, जिनकी मुलाकात संजुक्ता से सोशल मीडिया पर हुई थी। कुछ दिनों की बातचीत के बाद दोनों में प्रेम हो गया। इसके बाद दोनों परिवारों ने भी आपस में बातचीत की और शादी की तैयारियां शुरू कर दी। दोनों परिवार व्हाट्सएप से जुड़े हुए थे। पिछले सप्ताह महेंद्र अपने परिवार के साथ पाकिस्तान पहुंचे और कपल ने सिंध के सुक्कुर मे शादी रचाई। सिंधी गानों पर नाच कर इस शादी को एंजॉय किया गया। दोनों परिवारों के सदस्य और सिंध के हिंदू समुदाय के लोग इसमें शामिल हुए।

‘प्यार के लिए कोई सीमा नहीं’

उनकी इस शादी में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अल्पसंख्यक विंग के नेता राजकुमार भी शामिल हुए। महेंद्र ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि संजुगता ने बिना किसी हिचकिचाहट के उनका प्रस्ताव मान लिया और शादी के लिए हां कह दी। सुक्कुर हिंदू पंचायत के अध्यक्ष ईश्वर लाल मखीजा ने कहा कि प्यार को कोई भी बॉर्डर नहीं रोक सकता है। हालांकि महेंद्र से पहले कई प्रेमी जो मिलना चाहते थे, उनकी किस्मत इतनी अच्छी नहीं रही। पाकिस्तान के हैदराबाद से भारत आने वाली एक लड़की को साल 2022 में पकड़ा गया था।

वापस भेजा गया था पाकिस्तान

सितंबर 2022 में पाकिस्तान के हैदराबाद की रहने वाली इकरा जीवानी (19) ऑनलाइन लूडो खेलने के दौरान भारत के एक लड़के से मिली थी। यह लड़का बेंगलुरू में रहता था, जिसका नाम मुलायम सिंह यादव (21) था। इकरा अपने घर से भाग कर दुबई पहुंची थी और यहां से वह नेपाल गई। नेपाल में दोनों ने शादी कर ली। मुलायम के पड़ोसियों ने पुलिस से शिकायत की थी कि हिंदू घर में एक महिला नमाज पढ़ रही है। बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया और वाघा बॉर्डर के जरिए वापस भेज दिया गया। गैरकानूनी तरीके से विदेशी नागरिक को लाने के आरोप में मुलायम को जेल भेज दिया गया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!