News Website

बीमार’ पुतिन कैसे जीतेंगे यूक्रेन से जंग? इधर युद्ध का एक साल, उधर अस्पताल के बिस्तर पर रूसी राष्ट्रपति, बड़ा दावा

मॉस्को : पिछले एक साल में कई रिपोर्ट्स ने यह दावा किया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्वास्थ्य में गिरावट आई है और वह बीमार चल रहे हैं। अब एक मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि मार्च की शुरुआत में रूसी राष्ट्रपति एक नया इलाज करवाएंगे। रूसी टेलीग्राम चैनल जनरल एसवीआर के हवाले से द मिरर ने यह जानकारी दी है। इसी चैनल ने पहले दावा किया था कि पुतिन कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। पुतिन के ‘बीमार’ होने के दावों के समर्थन में उनकी कई हालिया फोटो और वीडियो पेश किए जाते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, ‘पिछले वीकेंड पुतिन की एक और मेडिकल जांच हुई। हालिया इलाज से अपेक्षित नतीजे हासिल नहीं हुए थे और चेकअप की रिपोर्ट के आधार पर नए इलाज का फैसला लिया गया है। यह 5 मार्च से शुरू होगा। यह आने वाले दिनों में रूसी राष्ट्रपति के प्लान और फैसलों को गंभीरता से प्रभावित कर सकता है और संभवतः प्रभावित करेगा। पुतिन के ‘बिगड़ते स्वास्थ्य’ का मतलब है ‘इलाज के दौरान विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले पाने में उनकी असमर्थता’। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो वह ‘यूक्रेन युद्ध की कमान संभालने’ में असमर्थ होंगे।’

आगे बढ़ सकती है पुतिन के संबोधन की तारीख

रिपोर्ट दावा करती है, ‘पिछले साल के आखिर में, इलाज की शुरुआत के कारण, पुतिन को अपने कई पारंपरिक कार्यक्रम रद्द करने पड़े थे।’ खबरें हैं कि पुतिन आगामी 24 फरवरी को रूस को संबोधित कर सकते हैं। अगल उनके इलाज के दावों पर विश्वास किया जाए तो उनके संबोधन की तारीख भी आगे बढ़ सकती है। पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर नया दावा ऐसे समय में सामने आया है जब रूस-यूक्रेन युद्ध का एक साल पूरा होने वाला है और कहा जा रहा है कि रूस नए सिरे से यूक्रेन पर हमले की तैयारी कर रहा है।

तीसरे विश्व युद्ध की चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोमवार को अचानक यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचकर सभी को चौंका दिया। इसके बाद यूक्रेन की तरफ से दावा किया गया कि रूस की परमाणु सेना अलर्ट पर है। अमेरिका को चिंता सता रही है कि यूक्रेन के खिलाफ चीन रूस को विनाशकारी हथियार दे सकता है। इन आशंकाओं के जवाब में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि अगर चीन ने रूस की मदद की तो दुनिया में तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो जाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!