News Website

अमेरिका में समुद्र से निकली रहस्यमय जीवों की ‘सेना’, देखने में लगे एलियन, जानें क्या हैं

वॉशिंगटन: कैलिफोर्निया के समुद्र तट पर नीले रंग के अजीबोगरीब जानवर देखने को मिले हैं। इन जीवों को देख कर आसपास के लोग हैरान हो गए। अमेरिका के पश्चिमी तट पर कैलिफोर्निया में समुद्र के किनारे दूर से देखने पर ऐसा लग रहा था जैसे रेत पर धब्बे हों। जब पास जाकर देखा गया तो पता चला कि ये समुद्री जीव हैं, जिन्हें वेलेला-वेलेला के नाम से जाना जाता है। ये जीव दाना प्वाइंट टू प्वाइंट से रेयेस नेशनल सीशोर तक फैले हुए थे। लोगों के लिए इन जीवों को देखना एक दुर्लभ दृश्य था।

ये जीव जेलीफिश की ही तरह होते हैं। आम तौर पर ये तट से दूर रहते हैं। ये जीव एक डिस्क के आकार के होते हैं। हालांकि इन्ही की तरह दिखने वाला एक जीव गतिहीन होता है, लेकिन वेलेला वेलेला ऐसा नहीं है। यह हवा के कारण गति कर सकता है। जिस तरफ हवा बहेगी ये उस तरफ बढ़ेंगे, जिसके कारण इसका उपनाम हवा से चलने वाला नाविक भी है। जब यह जीव जीवित होते हैं तो वे जूप्लैंकटन और अन्य छोटे समुद्री जीवों को खाते हैं।

जिंदा रहने पर नीला होता है रंग

वेलेला-वेलेला का रंग कोबाल्ट से लेकर नीला हो सकता है। हालांकि यह इनके मरने के बाद खत्म हो जाता है। इनके पास तैरने की अपनी क्षमता नहीं होती है, जिसके कारण यह पूरी तरह समुद्री धाराओं और हवा पर निर्भर हैं। धारा जहां चाहेगी उन्हें उस तरफ ले जाएगी। किनारे पर लंबे समय तक रहने से ये मर जाते हैं और अपना रंग खो कर ग्रे हो जाएंगे। इस प्रजाति के छोटे जीवों के लिए बड़े तूफान विनाशकारी हो सकते हैं। इनके पास भी डंक होता है, लेकिन यह मनुष्यों के लिए खतरनाक नहीं होता।

कैसे आते हैं तट पर

इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक मारिन कॉलेज में जीव विज्ञान के प्रोफेसर जो मुलर ने कहा, ‘कई बार यह बीच पर एक या दो दिन दिख सकती हैं। या फिर यह पूरे सीजन बीच पर देखी जा सकती हैं। इन्हें देख कर ऐसा लगेगा, जैसे किसीने अंगूरों की जेली तट पर डाल दी हो।’ यह आम तौर पर उत्तरी गोलार्ध में पाए जाते हैं। जब भी हवाएं विपरीत दिशा में बहती हैं तो ये तटों पर आ जाते हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!