ब्यूनस आयर्स: बंदूकधारियों ने अर्जेंटीना के फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी को एक लिखित संदेश में धमकी देने के साथ उनके परिवार से जुड़े एक सुपरमार्केट में गोलियां चलायीं। यह जानकारी स्थानीय पुलिस ने दी। गुरुवार की सुबह के हमले में हालांकि किसी को कोई चोट नहीं आयी है। यह स्पष्ट नहीं था कि हमलावरों ने देश के तीसरे सबसे बड़े शहर रोसारियो में यूनिको सुपरमार्केट को क्यों निशाना बनाया।
दुनिया के सबसे महानतम खिलाड़ियों में से एक मेसी ने इस मामले पर अभी कोई टिप्पणी नहीं की है। उनकी अगुवाई में इस साल दिसंबर में अर्जेंटीना ने 36 साल के लंबे अंतराल के बाद विश्व कप का खिताब जीता था। वह फिलहाल पेरिस सेंट-जर्मेन के लिए खेल रहे हैं और अपना अधिकांश समय विदेशों में बिताते हैं। वह अक्सर रोसारियो जाते रहते हैं जहां फनीस उपनगरीय क्षेत्र में उनका घर है।