भारत ही नहीं पाकिस्तान में धूमधाम से मनाई जा रही महाशिवरात्रि
उमरकोट के महादेव मंदिर में पहुंचे रहे शिव भक्त
भारत ही नहीं पाकिस्तान में धूमधाम से मनाई जा रही महाशिवरात्रि
उमरकोट के महादेव मंदिर में पहुंचे रहे शिव भक्त
इस्लामाबाद । भगवान शिव की आराधना का पर्व महाशिवरात्रि शुक्रवार को पूरे उल्लास के साथ मना रहा है। भारत ही नहीं पाकिस्तान में भी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है। पाकिस्तानी पत्रकार दिलीप कुमार खत्री ने सिंध प्रांत के उमरकोट में स्थित महादेव मंदिर का वीडियो जारी किया है, जहां महाशिवरात्रि के मौके पर पूजा करने के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने इस पाकिस्तान में मौजूद विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि का एक प्रतीक कहा।
वीडियो पोस्ट कर दिलीप ने लिखा, वार्षिक महाशिवरात्रि उत्सव के लिए सिंध के उमरकोट के महादेव मंदिर में 250,000 हिंदू भक्त जश्न मनाने के लिए एकजुट हुए। पाकिस्तान में विविधता और सांस्कृति समृद्धि का एक सुंदर प्रमाण। मंदिर के बाहर शूट किए गए वीडियो में दिख रहा है कि हिंदू श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच रहे हैं, इसमें महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी है।
पाकिस्तान में मौजूद है 5000 साल पुराना शिव मंदिर
पाकिस्तान आज भले ही इस्लामिक गणराज्य के रूप में है, लेकिन कभी भारत का ही हिस्सा रहे इस क्षेत्र में आज भी कई बहुत महत्वपूर्ण हिंदू धार्मिक स्थल मौजूद हैं। ऐसा ही एक धार्मिक स्थल कटासराज धाम है। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में स्थित शिवमंदिर को 5000 साल पुराना माना जाता है। इस धाम में एक कुंड है जिसके बारे में मान्यता है कि यह भगवान शिव के आंसुओं से बना है। जब सती की मौत के बाद उनके वियोग के दुख में भगवान शिव रोए तो उनके आंसू इसी कुंड में गिरे थे। पाकिस्तान के कटासराज मंदिर में महाशिवरात्रि मनाने भारत से 62 हिंदू श्रद्धालुओं का जत्था भी पहुंचा है। दो दिन पहले अटारी बॉर्डर के जरिए 112 श्रद्धालु पाकिस्तान के लिए रवाना हुए थे, जिनमें सिख भी शामिल थे। इनमें से हिंदू श्रद्धालु महाशिवरात्रि के लिए कटासराज पहुंचे हैं। इन श्रद्धालुओं में केंद्रीय सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष शिव प्रताप बजाज भी हैं।