News Website

कोर्ट पहुंचे अमृतपाल सिंह के पिता, सीएम भगवंत मान का संदेश- पंजाब की शांति से समझौता नहीं

वारिस पंजाब दे’ संगठन के मुखिया और खालिस्तानी समर्थक भगोड़ा अमृतपाल सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उधर, अमृतपाल सिंह के पिता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

भगवंत मान का संदेश

अमृतपाल सिंह और उनके सहयोगियों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कुछ तत्व विदेशी ताकतों की मदद से पंजाब का माहौल खराब करने की बात कर रहे थे और नफरत भरे भाषण दे रहे थे।

वहीं, सीएम भगवंत मान ने एक संदेश जारी किया है। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था चुस्त है। पंजाब की शांति से हम खिलवाड़ नहीं करने देंगे। इसमें किसी तरह का समझौता नहीं होगा। हम देश के खिलाफ काम करने वाले लोगों को छोड़ेंगे नहीं।

ड्रिबूगढ़ जेल में अमृतपाल के साथी

बता दें कि पुलिस ने अमृतपाल के कई साथियों पर अपना शिकंजा कसा है। पुलिस ने अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह के अलावा दलजीत कलसी, बसंत सिंह, गुरमीत सिंह भुखनवाला और भगवंत सिंह को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस की एक टीम हरप्रीत को असम के डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल लेकर पहुंची है। हरप्रीत के अलावा अन्य आरोपियों को भी यहां लाया गया है।

चाचा समेत पांच आरोपियों पर रासुका

पंजाब पुलिस ने हरजीत सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगा दिया। पुलिस ने सोमवार को हरजीत सिंह और ड्राइवर हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। हरजीत को विमान से असम के डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल भेजा गया। एक दिन पहले अमृतपाल के चार सहयोगी भी वहीं भेजे गए थे।

23 मार्च तक इंटरनेट सेवाएं बंद

पंजाब सरकार ने कहा कि तरनतारन, फिरोजपुर, मोगा, संगरूर अमृतसर के कुछ इलाकों में सुरक्षा के मद्देनजर सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, सभी एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवाएं, वॉयस कॉल को छोड़कर 23 मार्च दोपहर 12 बजे बंद रहेंगी। इसके अलावा कुछ शहरों में मंगलवार दोपहर 12 बजे से इंटरनेट सेवाएं चालू कर दी जाएंगी। ऑपरेशन अमृतपाल को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य की जनता को संबोधित करेंगे।

अमृतपाल का आईएसआई कनेक्शन

आइजी (हेड क्वार्टर) डा. सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद उस पर भी एनएसए लगाया जा सकता है। उसके लिए छापेमारी की जा रही है। गिल ने कहा कि अब तक की जांच में अमृतपाल के आईएसआई कनेक्शन सामने आया है। अमृतपाल और उसके साथियों को विदेश से फंडिग हो रही थी। हवाला के जरिए भी पैसा उन तक पहुंचाया गया।

अभी तक 114 आरोपी गिरफ्तार

अमृतपाल के 114 सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में छह केस दर्ज किए गए हैं। आरोपियों से पुलिस ने नौ राइफल, एक रिवाल्वर और 430 कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा मर्सिडीज सहित चार वाहन जब्त किए गए हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!