News Website

Dancing On The Grave का ट्रेलर देख कांप जाएगी रूह, पत्नी को जिंदा दफ्न कर, कब्र पर नाचने वाले स्वामी की कहानी

जुर्म और कत्लेआम की असल दुनिया पर कई वेब सीरीज और फिल्में बन चुकी हैं, जो ओटीटी पर मौजूद हैं। बुराड़ी कांड से लेकर नागपुर में 2004 में कोर्टरूम में हुए मर्डर समेत सीरियल किलर चंद्रकांत झा पर भी डॉक्यू सीरीज बनाई गईं, जिन्होंने लोगों के होश उड़ा दिए थे। अब एक नई डॉक्यू सीरीज आ रही है, जिसका नाम है ‘डांसिंग ऑन द ग्रेव’। इसमें चार बेटियों की मां की हत्या की ऐसी कहानी है, जिसे जानकर रूह तक कांप उठेगी। मेकर्स ने इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया है।

‘डांसिंग ऑन द ग्रेव’ को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा। यह सीरीज 90 के दशक में मैसूर राजघराने के पूर्व दीवान की पोती शाकिरा खलीली की हत्या पर आधारित है। 32 साल पहले (1991) हुआ यह एक ऐसा हत्याकांड था, जिसने उस वक्त खूब सुर्खियां बटोरी थीं। जिसने भी सुना, उसकी रूह कांप उठी थी। पति, बीवी को जिंदा दफ्न कर उसकी कब्र पर खूब नाचता और पार्टियां करता था।

सीरीज में केस से जुड़े लोगों के खुलासे

अब उस हत्याकांड को ‘डांसिंग ऑन द ग्रेव’ के जरिए एक बार फिर ताजा किया जा रहा है। इसमें शाकिरा केस से जुड़े लोगों के बयान और कुछ राज भी दिखाए जाएंगे। ट्रेलर में दिखाया गया है कि शाकिरा खलीली अचानक ही गायब हो जाती है और इससे पूरे राजघराने में हड़कंप मच जाता है।

कौन थी शाकिरा खलीली?

शाकिरा खलीली मैसूर राजघराने के पूर्व दीवान की पोती थी और सबकी लाडली थी। वह रियल एस्टेट डेवलेपर थी। साल 1991 की बात है। शाकिरा खलीली अचानक ही एक दिन गायब हो गई। किसी को कोई खबर नहीं लगी कि आखिर शाकिरा गई कहां? बाद में पता चला कि शाकिरा को उसके पति ने जिंदा दफन कर दिया था। इस हाई प्रोफाइल केस ने हर किसी की नींद उड़ा दी थी।

पहली शादी से 4 बेटियां, स्वामी से दूसरी शादी

शाकिरा खलीली की स्वामी श्रद्धानंद नाम के आदमी से शादी हुई थी। शाकिरा की यह दूसरी शादी थी। उनकी पहली शादी कजन अकबर मिर्जा खलीली के साथ हुई थी। इसे शादी से शाकिरा 4 बेटियों की मां बनीं। शाकिरा और अकबर की लव मैरिज थी। शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन बाद में चीजें बिगड़ती चली गईं और शादी टूट गई। फिर शादी टूटने और तलाक के कुछ महीने बाद शाकिरा खलीली ने स्वामी श्रद्धानंद के साथ शादी कर ली। शाकिरा की बेटियां इस शादी के खिलाफ थीं और उन्होंने मां से बात करना बंद कर दिया था। शाकिरा तो स्वामी से प्यार करती थीं, लेकिन उसकी नजर संपत्ति पर थी।

जिंदा दफना दिया, पार्टियां करता रहा

शाकिरा खलीली की संपत्ति के लालच में ही स्वामी श्रद्धानंद ने उसका मर्डर कर दिया और जिंदा दफना दिया। बताया जाता है कि जिस वक्त शाकिरा को स्वामी श्रद्धांनद ने दफनाया, उस वक्त वह जिंदा थी। उसकी सांसें चल रही थीं। हैरानी की बात तो यह है कि स्वामी, पत्नी शाकिरा को दफन करने के बाद उसकी कब्र पर खूब नाचता और पार्टियां करता था। यह सिलसिला करीब तीन साल तक चलता रहा। यही नहीं, शाकिरा को दफनाने के बाद उसने उस जगह पर टाइल्स लगवाईं। जिस दिन उसने शाकिरा की हत्या को अंजाम दिया, उस दिन घर के सभी नौकरों को छुट्टी पर भेज दिया था। बाद में स्वामी श्रद्धांनद को पकड़ लिया गया। हाई कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुनाई, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उसे उम्रकैद में बदल दिया।

21 अप्रैल को रिलीज होगी Dancing On The Grave

‘डांसिंग ऑन द ग्रेव’ को इंडियाटुडे ओरिजिनल्स ने प्रोड्यूस किया है। इस सीरीज को पैट्रिक ग्राहम ने डायरेक्ट किया है और यह 21 अप्रैल को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!