News Website

सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए कहां खड़े हैं एयरफोर्स के 2 प्लेन और एक जहाज, जानें प्लान

नई दिल्ली: दुनिया का मुस्लिम देश सूडान इस समय सिविल वॉर से जूझ रहा है। सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच जारी संघर्ष में अब तक 400 से अधिक लोग मौत की नींद सो चुके हैं, वहीं इस गृह युद्ध में 3500 से अधिक लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं। राजधानी खार्तूम में मेन एयरपोर्ट सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच लड़ाई का स्थल रहा है। खार्तूम से 850 किलोमीटर दूर लाल सागर पर पोर्ट सूडान से कई देश अपने नागरिकों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। भारत ने भी अपने नागरिकों को निकालने की कोशिश तेज कर दी है। वायु सेना के दो सी-130 विमान और नौसेना का आईएनएस सुमेधा जहाज सूडान के गृह युद्ध में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सऊदी अरब और सूडान पहुंच चुके हैं। वायु सेना के जहाज सऊदी अरब के जेद्दा में तैनात हैं, जबकि आईएनएस सुमेधा सूडान बंदरगाह पहुंच गया है। यह जानकाारी विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई है।

पीएम मोदी ने की हाई लेवल मीटिंग

युद्ध प्रभावित इलाके में सुपर हरक्यूलिस सैन्य परिवहन विमान को तैनात करने के भारत के फैसले के बाद शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी की उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें उन्होंने अधिकारियों से आकस्मिक निकासी योजना तैयार करने को कहा। भारत ने अफगानिस्तान से निकासी के लिए पहले भी C-130J का इस्तेमाल किया था। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘सूडान में फंसे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। हम उन भारतीयों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विभिन्न भागीदारों के साथ भी निकटता से समन्वय कर रहे हैं, जो सूडान में फंसे हुए हैं और उन्हें निकालना चाहते हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, हम सूडानी अधिकारियों के अलावा, भारत संयुक्त राष्ट्र, सऊदी के भी संपर्क में है।

बाहरी देशों के विमानों के लिए बंद है हवाई क्षेत्र

मंत्रालय ने बताया कि सूडान में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वायु और जल मार्ग दोनों विकल्प उपलब्ध करवाए गए हैं। हालांकि जमीनी आवाजाही सुरक्षा स्थिति पर निर्भर है। फिलहाल वायु सेना के दो C-130J विमान सऊदी अरब के जेद्दा में स्टैंडबाय पर तैनात हैं और आईएनएस सुमेधा सूडान पोर्ट पहुंच गया है। सूडान का हवाई क्षेत्र वर्तमान में सभी विदेशी विमानों के लिए बंद है।

विदेश मंत्रालय अलर्ट मोड पर

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत सुरक्षा स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। सूडान में भारतीय दूतावास यहां फंसे भारतीयों के नियमित संपर्क में है। मंत्रालय की लोगों को सुरक्षित रूप से आवाजाही करने और अनावश्यक जोखिम से बचने की सलाह दी गई है। सूडानी अधिकारियों के अलावा, विदेश मंत्रालय संयुक्त राष्ट्र, सऊदी अरब, यूएई, मिस्र और अमेरिका से भी नियमित संपर्क में हैं। इस बीच, सऊदी अरब द्वारा निकाले गए 66 लोगों में कुछ भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!