News Website

गौहर महल में बाग प्रिंट उत्सव का आयोजन

शहीद भवन में नाटक पंचलेट का मंचन

(भोपाल) गौहर महल में बाग प्रिंट उत्सव का आयोजन 3 मार्च तक
शहीद भवन में नाटक पंचलेट का मंचन
राजधानी में बुधवार को अनेक कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। बाग (धार) के शिल्पियों द्वारा गौहर महल में बाग प्रिंट उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तीन मार्च तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का समय दोपहर एक बजे से रात दस बजे तक है। इसी तरह से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में फरवरी माह के प्रादर्श के रूप में भूटिया समुदाय के आध्यात्मिक उपकरण फुरबा को प्रदर्शित किया जा रहा है। वीथि संकुल में इसे सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है। मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड चित्रकार संतू तेकाम के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी को दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक देखा जा सकता है। स्वराज संस्थान संचालनालय द्वारा अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर स्वराज वीथि में 27 से 29 फरवरी तक आजाद कथा चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। चित्र प्रदर्शनी दोपहर 12 से शाम सात बजे तक दर्शकों के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। तीन दिवसीय राष्ट्रीय वनमाली कथा सम्मान समारोह का आयोजन रबींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर में किया जा रहा है। कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन विमर्श और रचनापाठ होगा। समय सुबह 11 बजे से है। शाम सात बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। बैरागढ़ के साधु वासवानी शिक्षण संस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले संस्थान के दिवंगत पदाधिकारियों एवं ट्रस्टियों की स्मृति में संगीत संध्या का आयोजन किया है। यह कार्यक्रम शाम साढ़े छह बजे साधु वासवानी कालेज के ओपन एयर आडिटोरियम में शुरू होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के खेल एवं युवक कल्याण मंत्री विश्वास सारंग मुख्य मेहमान के रूप में शामिल होंगे। शहीद भवन में दो दिवसीय रंग अविराम नाट्य समारोह के दूसरे दिन नाटक पंचलेट की प्रस्तुति होगी। एईटीसी की इस प्रस्तुति का निर्देशन अनूप शर्मा ने किया है। कार्यक्रम शाम साढ़े छह बजे से आरंभ होगा।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!