News Website

पाकिस्तानी गधों के बाद श्रीलंका से 1 लाख बंदर खरीद रहा चीन, कारण क्या है?

कोलंबो: पाकिस्तान से गधे खरीदने वाला चीन अब श्रीलंका से बंदर मंगाने की तैयारी में है। इस बारे में चीन और श्रीलंका के बीच तीन दौर की बाचतीच भी हो चुकी है, लेकिन अंतिम फैसला लेना अभी बाकी है। श्रीलंकाई सरकार के कई बड़े मंत्री चीन को बंदर निर्यात करने के पक्ष में हैं। उनका तर्क है कि बंदरों की वजह से श्रीलंका में कृषि को काफी नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में चीन को 1 लाख बंदरों का निर्यात करने में कोई नुकसान नहीं है। उनका यह भी कहना है कि इन बंदरों को पकड़ने और निर्यात करने का खर्च भी चीन ही उठा रहा है। दावा है कि चीन इन बंदरों को चिड़ियाघरों में रखेगा, हालांकि इस देश में बंदरों का मांस भी काफी लोकप्रिय है।

चिड़ियाघर में श्रीलंकाई बंदरों को रखेगा चीन

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका के कृषि मंत्री महिंदा अमरवीरा ने बताया कि चीन को बंदर भेजने को लेकर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि चीन ने 1 लाख बंदरों को भेजने की गुजारिश की है। इन बंदरों को वह अपने एक हजार चिड़ियाघरों में रखना चाहता है। ऐसे में श्रीलंका के कृषि मंत्रालय के अधिकारी इस मुद्दे पर राष्ट्रीय प्राणी संग्रहालय एवं वन्यजीव विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। वहीं, श्रीलंकाई सरकार ने इस मामले में एक स्पेशल कमेटी भी बनाने का फैसला किया है, जो बंदरों के निर्यात संबंधी कानूनी मामलों को देखेगी।

बंदरों को भेजने के लिए क्या तर्क दे रहा श्रीलंका

श्रीलंकाई सरकार का दावा है कि उनके देश में बंदरों की संख्या अधिकतम स्तर को पार कर गई है। ऐसे में बंदरों की वजह से कृषि को भारी नुकसान हो रहा है। श्रीलंकाई कृषि मंत्री महिंदा अमरवीरा का दावा है कि पिछले एक साल में बंदरों ने करीब 2 करोड़ नारियलों को खराब किया है। उन्होंने यह भी कहा कि फसलों की बर्बादी से श्रीलंका की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हो रहा है। श्रीलंका में लगभग 30 लाख से अधिक बंदर हैं। ऐसे में चीन को 1 लाख बंदर भेजने में कोई हर्ज नहीं है। महिंगा अमरवीरा चीन को बंदरों के निर्यात संबंधी एक प्रस्ताव जल्द ही श्रीलंकाई कैबिनेट के सामने भी पेश करने जा रहे हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!