सोनिया गांधी से मेरी मुलाकात का राहुल गांधी का दावा बेबुनियाद : अशोक चव्हाण
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राज्यसभा सदस्य अशोक चव्हाण ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी को ‘बेबुनियाद’ बताकर खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस छोड़ने से पहले पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से नहीं मिले थे। दरअसल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुंबई में रैली को संबोधित करते हुए दावा किया था कि महाराष्ट्र के नेता ने उनकी मां सोनिया गांधी के सामने रोकर कहा था कि उन्हें शर्म आती है कि वह ‘इस ताकत से और नहीं लड़ सकते और वह जेल नहीं जाना चाहते।
इसका जवाब देकर चव्हाण ने वीडियो संदेश में कहा कि राहुल गांधी ने रविवार को एक रैली में बयान दिया और किसी का नाम नहीं लिया है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अगर वे मेरे बारे में ऐसा कह रहे हैं, तब यह अतार्किक और बेबुनियाद है। सच यह है कि कांग्रेस से इस्तीफा देने तक मैं पार्टी मुख्यालय में काम कर रहा था। उन्होंने कहा, ‘मैंने विधायक पद से इस्तीफा दिया और कुछ देर बाद पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया। तब तक किसी को नहीं पता था कि मैंने इस्तीफा दे दिया है।
चव्हाण ने कहा, मैं सोनिया गांधी से कभी नहीं मिला। यह कहना बेबुनियाद है कि मैंने सोनिया गांधी से मुलाकात की और अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। बता दें कि कांग्रेस छोड़ने के बाद चव्हाण बीजेपी में शामिल हो गए थे। बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव में उन्हें महाराष्ट्र से टिकट दिया था, जिसके बाद वह राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए।